[ad_1]
मुरादाबाद। दहेज के लिए ससुरालियों ने विवाहिता को प्रताड़ित किया। आरोप है कि जेठ ने विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में डीआईजी के आदेश पर कटघर पुलिस ने पति सहित ससुराल के छह सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कटघर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने डीआईजी को शिकायतीपत्र देकर बताया कि उसका निकाह 21 नवंबर 2019 को रामपुर के मिलक थाना क्षेत्र निवासी युवक से हुआ था। निकाह में करीब 25 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी ससुराल वाले उससे पांच लाख रुपये नगद और बोलेरो की मांग करने लगे। इस बीच बेटी पैदा होने पर पति और ससुराल वालों की प्रताड़ना और बढ़ गई। आरोप है कि पति ने पीड़िता के पिता से साढ़े तीन लाख रुपये लेकर हड़प लिए। बाद में ट्रांसपोर्ट खोलने के लिए उधार के रूप में 17 लाख रुपये लिए और उसे भी हड़प लिया। महिला का आरोप है कि एक दिन जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बकरीद के एक दिन पहले ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता के अनुसार 6 जुलाई की रात करीब 11 बजे पति उसके मायके में पहुंच गया। बाद में तीन तलाक देकर चला गया। इस मामले में उसने थाने में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस संबंध में थानाप्रभारी कटघर राजेश सिंह सोलंकी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति, जेठ, सास समेत छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, तीन तलाक, मारपीट, दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस विवेचना के आधार पर कार्रवाई करेगी।
[ad_2]
Source link