[ad_1]
![विधान परिषद की कार्यवाही: उठा छुट्टा जानवरों का मुद्दा, किसानों के मुद्दे पर हुआ हंगामा, विपक्ष का वाकआउट Proceedings of the Legislative Council in up issue of stray animals raised](https://staticimg.amarujala.com/assets/images/2023/08/07/750x506/akhilesh-yadav_1691409367.jpeg?w=414&dpr=1.0)
सदन में विपक्षी खेमा। फाइल फोटो।
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
विधान परिषद में मंगलवार को किसानों के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की ओर से दिए गए जवाब से असंतुष्ट सपा सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। इस पर सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि विपक्षी सदस्य सदन बाधित करने का बहाना गढ़ रहे हैं। सदन को अनायास रोकना ठीक नहीं है। इसलिए सदन की कार्यवाही नहीं रूकेगी।
सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद बसपा के सदस्य भीमराव अंबेडकर के नकली देशी शराब से संबंधित जवाब आबकारी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने दिया। उन्होंने नकली शराब रोकने के संबंध में की गई कार्यवाही का विवरण दिया। इसके बाद सपा के डा. मान सिंह यादव के किसानों की आय बढ़ाने संबंधित सवाल का जवाब देते हुए कृषि राज्यमंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस बीच स्वामी प्रसाद मौर्य ने रवि सीजन में गेंहू खरीद केंद्रों की संख्या जाननी चाही, जिस पर कृषि मंत्री ने कहा कि खरीद भरपूर हुई है। इसी बीच सपा के नरेश उत्तम ने छुट्टा जानवरों का मुद्दा उठाया तो कृषि मंत्री ने बताया कि 13 लाख से ज्यादा गोवंश संरक्षित किए गए हैं। ताकि किसानों की फसल का नुकसान न हो। इस पर सपा सदस्य संतुष्ट नहीं हुए। वे आलू खरीद और गन्ना खरीद के मुद्दे पर भी चर्चा की मांग करने लगे, जिसे पीठ ने इनकार कर दिया। इससे आक्रोशित सपा सदस्यों ने सदन का बहर्गिमन कर दिया।
अनुसूचित जाति के छात्रों के हॉस्टल की पुख्ता व्यवस्था
सदन की कार्यवाही के बसपा के भीमराव अंबेडकर के सवाल का जवाब देते हुए समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बताया कि भागीदारी भवन में संचालित कोचिंग में 300 छात्रों के पढ़ने की व्यवस्था है। इन दिनों 261 छात्र रह रहे हैं। इस वर्ष सिविल सर्विस में 24 और पीसीएस में 94 प्रतियोगी चुने गए हैं। उनके रहने के लिए बने हॉस्टल का सुधार करवाया जा रहा है।
इस बीच सपा के डा. मान सिंह प्रयागराज के दलित छात्रों के हॉस्टल का मुद्दा उठाया, जिस पर मंत्री ने बताया कि वे हॉस्टल अलग- अलग संस्थाओं के हैं। यह सुन हॉस्टल की जमीन भू माफियाओं द्वारा कब्जा करने का आरोप लगाते हुए सपा सदस्य डा. मान सिंह व आशुतोष सिन्हा खड़े हो गए और हंगामा करने लगे। मंत्री ने मामला दिखवाने का आश्वासन दिया तो मामला शांत हुआ।
कृषि लक्ष्य को लेकर नाराजगी
एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के सवाल के जवाब में उद्यान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। आकांक्षी फतेहपुर, चंदौली, सोनभद्र, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, चित्रकूट जिले में लक्ष्य एवं पूर्ति के आंकड़े स्पष्ट नहीं होने पर सदस्य ने आपत्ति जताई।
[ad_2]
Source link